मध्य प्रदेश

MP News: करंट लगने से दो युवकों की मौत, गांव में मातम

Sarita
5 May 2025 12:25 PM IST
MP News: करंट लगने से दो युवकों की मौत, गांव में मातम
x
MP News: उमरिया जिले के मानपुर थाने के ग्राम नरवर में सोमवार (5 मई) की सुबह एक बेहद दुखद घटना घटी, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया. जानकारी के अनुसार गांव के दो युवक जंगल में शिकारियों द्वारा बिछाए गए बिजली के जाल में फंस गए. इस जाल में करंट दौड़ रहा था, जिससे दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान पुष्पेंद्र जायसवाल (पिता मोतीलाल, उम्र 35 वर्ष) और विपिन दाहिया (पिता सूरजदीन, उम्र 28 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों युवक ग्राम नरवर, पंचायत पाटौर, थाना मानपुर के निवासी थे|
शुरुआती जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक सुबह किसी काम से गांव के पास जंगल में गए थे. वहां वे एक जल स्रोत के पास बिछाए गए बिजली के तारों के संपर्क में आ गए. ग्रामीणों का कहना है कि यह इलाका अक्सर शिकारियों की गतिविधियों का केंद्र बना रहता है. माना जा रहा है कि शिकारियों ने जंगली जानवरों खासकर सूअरों को मारने के लिए पीने के पानी की जगह पर बिजली के तार बिछाए थे. दुर्भाग्य से इस जानलेवा जाल ने इन दो मासूम युवकों की जान ले ली। घटना की सूचना मिलते ही मानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस हादसे के पीछे किस शिकारी गिरोह का हाथ है, यह जानकारी जांच के बाद ही पता चल पाएगी। फिलहाल पुलिस शक के आधार पर कुछ लोगों की तलाश कर रही है। इस दुखद हादसे के बाद पूरे नरवर गांव में गहरा मातम पसर गया है।
दोनों युवकों के परिवार सदमे में हैं और लगातार रो रहे हैं। गांव के लोग इस घटना को लेकर काफी गुस्से में हैं। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि शिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यह घटना न सिर्फ गांव की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी बताती है कि शिकारियों के हौसले कितने बढ़ गए हैं और इलाके में निगरानी कितनी कमजोर है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर शिकारियों की गतिविधियों पर पहले ही नजर पड़ जाती तो शायद इन दोनों युवकों की जान बच सकती थी।
Next Story