मध्य प्रदेश

MP News: तालाब में डूब रहे थे दो बच्चे, बचाने कूदे युवक, तीन की मौत

Sarita
16 March 2025 6:11 AM IST
MP News: तालाब में डूब रहे थे दो बच्चे, बचाने कूदे युवक, तीन की मौत
x
MP News: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां तालाब में डूबने से दो नाबालिग समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना अमरपाटन थाना क्षेत्र के खारमसेड़ा गांव स्थित बादल टोला तालाब की शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। अमरपाटन थाना प्रभारी केपी त्रिपाठी ने बताया कि चार नाबालिग बच्चे तालाब में नहा रहे थे, जबकि पास में ही एक युवक भैंस चरा रहा था। बचाने के प्रयास में युवक डूबा इसी बीच नहाते समय चारों बच्चे डूबने लगे। चारों को डूबता देख युवक ने तुरंत तालाब में छलांग लगा दी और दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन जब वह बाकी दो बच्चों को बचाने गया तो खुद पानी में डूब गया। इस हादसे में मृतकों की पहचान शिवांशु केवट (14), भागवत केवट (10) और दिलीप उर्फ ​​गुड्डू द्विवेदी (28) के रूप में हुई है।
होली पर पसरा मातम इस हादसे से गांव में शोक की लहर छा गई। होली खेलने के बाद बच्चे तालाब में नहाने गए थे। गांव में अगले दिन भी होली खेलने का उत्साह था लेकिन इस घटना के बाद पूरा माहौल गमगीन हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन थानेदार केपी त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए अमरपाटन मोर्चरी भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Next Story