मध्य प्रदेश

MP News: दर्दनाक हादसा,मुरुम खदान ढहने से दो मजदूरों की मौत

Sarita
1 March 2025 6:48 AM IST
MP News: दर्दनाक हादसा,मुरुम खदान ढहने से दो मजदूरों की मौत
x
MP News: मध्य प्रदेश के गुना से एक दुखद हादसे की खबर आ रही है. जहां मुरुम की खदान में अवैध रूप से खुदाई कर रहे दो मजदूरों की मुरुम में दबने से मौत हो गई. यहां फतेहगढ़ क्षेत्र के कलोरा गांव में शुक्रवार दोपहर एक दुखद हादसा हुआ. जिसमें मुरुम खोदने गए दो लोगों की मिट्टी में दबने से मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ जब तालाब के दूसरी तरफ से मुरुम निकालते समय अचानक ऊपर से मिट्टी ढह गई. इस हादसे में कलोरा गांव निवासी संजेश धाकड़ (42) और रबड़ी गांव निवासी गुरजीत सहारिया (22) दब गए. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं. कलोरा गांव निवासी संजेश धाकड़ शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे गुरजीत सहारिया को साथ लेकर गांव के तालाब में मुरुम खोदने गया था. दोनों कुदाल और गैंती की मदद से मिट्टी निकाल रहे थे, तभी अचानक तालाब के दूसरी तरफ से भारी मात्रा में मिट्टी ढह गई और वे तीन फीट नीचे दब गए. हादसे की जानकारी किसी को नहीं थी, इसलिए दोनों समय रहते बाहर नहीं आ सके।
संजेश के भाई माखन धाकड़ ने बताया कि दोपहर साढ़े तीन बजे उसकी भाई से आखिरी बार बात हुई थी। उसने भाई से लौटने के बारे में पूछा था, तब संजेश ने थोड़ी देर में लौटने की बात कही थी। लेकिन शाम चार बजे जब दोबारा फोन किया तो मोबाइल नहीं मिला। यह चिंता का विषय बन गया और माखन उन्हें देखने तालाब पर पहुंचा। वहां पहुंचा तो संजेश और गुरजीत वहां नहीं दिखे। तभी उसने देखा कि एक जगह मिट्टी गिरी हुई थी, जिससे उसे शक हुआ कि कोई अनहोनी हो गई है। माखन ने तुरंत गांव के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने फावड़े से मिट्टी हटाना शुरू किया। काफी प्रयास के बाद जब मिट्टी हटाई गई तो दोनों मजदूर करीब तीन फीट नीचे दबे मिले।
ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम रूम में रखवा दिया गया। शनिवार सुबह डॉक्टरों की टीम शवों का पोस्टमार्टम करेगी, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। इस हादसे से गांव में शोक की लहर है।
संजेश और गुरजीत की अचानक मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोनों परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि इस घटना से सबक लेते हुए भविष्य में अवैध खुदाई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Next Story