मध्य प्रदेश

Mp News: शराब की बोतल पर डिस्काउंट न देने से बदमाशों ने सेल्समैन पर कर दी फायरिंग

Sarita
4 Feb 2026 7:00 AM IST
Mp News:  शराब की बोतल पर डिस्काउंट न देने से बदमाशों ने सेल्समैन पर कर दी फायरिंग
x
Mp News: भिंड जिले के अटेर थाना क्षेत्र के प्रतापपुरा गांव में अंग्रेजी शराब की दुकान पर शराब की बोतल पर डिस्काउंट ना देने से नाराज बदमाशों ने सेल्समैन पर फायरिंग कर दी। गोली सेल्समैन के हाथ में लगने से वह घायल हो गया और जान बचाकर दुकान से भागा। आरोपियों ने भागते हुए सेल्समैन पर फिर से फायरिंग करने की कोशिश की लेकिन दोबारा गोली नहीं चली, जिसके बाद बदमाश मौके से भाग गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस नेर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रतापपुरा गांव में भगवान ग्रुप पर शराब बेचने का लाइसेंस है। यहां पर रविन्द्र यादव सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। बतौर पीड़ित घटना के दिन भूरा भदौरिया, अर्पित कांकर सहित एक अन्य अज्ञात बदमाश एक बाइक पर सवार होकर दुकान पर पहुंचे और शराब खरीदने के दौरान डिस्काउंट की मांग करने लगे। सेल्समैन द्वारा नियमों का हवाला देते हुए डिस्काउंट देने से इनकार कर दिया गया, जिससे बदमाश विवाद करने लगे और देखते ही देखते बदमाशों ने दुकान के अंदर ही पिस्टल निकाल ली। इसके बाद बदमाशों ने बिना किसी डर के सीधे गोली चला दी, जो सेल्समैन रविन्द्र यादव के हाथ में जा लगी।
गोली लगते ही घायल रविन्द्र यादव दुकान से बाहर की ओर भागा। बदमाशों ने भाग रहे सेल्समैन पर दूसरी बार फायरिंग करने का प्रयास किया। हालांकि इस बार पिस्टल में कारतूस फंस गया, जिससे गोली नहीं चल सकी। इसके बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।बताया जा रहा है कि शराब पर डिस्काउंट को लेकर एक दिन पहले भी सेल्समैन और बदमाशों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी बात को लेकर बदमाश पहले से नाराज थे और उन्होंने सेल्समैन को धमकी भी दी थी।
Next Story