मध्य प्रदेश

MP News: यात्री बस और डंपर की टक्कर में तीन लोगों की मौत

Sarita
10 May 2025 10:15 AM IST
MP News:  यात्री बस और डंपर की टक्कर में तीन लोगों की मौत
x
MP News: शाजापुर जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 52 पर शुक्रवार देर रात 2 बजे यात्री बस और डंपर में भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर मक्सी थाना प्रभारी भीम सिंह पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घायलों को 108 एंबुलेंस, मक्सी टोल प्लाजा एंबुलेंस और डायल 100 एफआरवी वाहन की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल शाजापुर पहुंचाया गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार कमला ट्रैवल्स की बस इंदौर से गुना जा रही थी।
इस दौरान मक्सी थाना क्षेत्र के सिरोलिया ब्रिज के पास बस सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई और करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बस और डंपर चालक सहित एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं 16 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से तीन को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल शाजापुर में इलाज चल रहा है।हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस चालक के शव को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। सड़क हादसे का कारण दोनों वाहनों की तेज रफ्तार बताई जा रही है। मक्सी थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
Next Story