मध्य प्रदेश

MP News: साधु बनकर करते थे वारदात, बुजुर्ग की हत्या के आरोप में पति-पत्नी गिरफ्तार

Sarita
16 Feb 2025 9:31 AM IST
MP News: साधु बनकर करते थे वारदात, बुजुर्ग की हत्या के आरोप में पति-पत्नी गिरफ्तार
x
MP News: पन्ना पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने 2 आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य फरार है। जांच में पता चला है कि आरोपी साधु के वेश में नजदीकियां बनाकर पैसे और जेवरात की जानकारी हासिल करते थे। फिर काला जादू का हवाला देकर सुनसान इलाके में जाकर हत्या कर देते थे।
कोतवाली टीआई रोहित मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि 04 फरवरी को कटरा मोहल्ला पन्ना निवासी इनायत खान पुत्र जमाल खान ने कोतवाली थाने में सूचना दी कि मेरे सौतेले पिता मनीराम उर्फ ​​मुनीर खान उम्र 65 वर्ष निवासी पहाड़कोठी का शव धर्मसागर तालाब मोंघा के पास जंगल में मिला है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर हत्या की है। इस पर तत्काल पुलिस टीम एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड टीम के साथ मौके पर पहुंची। शव का निरीक्षण कर पोस्टमार्टम कराया गया और अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने पन्ना शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की तथा मृतक के मोहल्ले व पड़ोस के लोगों से पूछताछ की।
उन्हें जानकारी मिली कि मृतक मनीराम के घर पर पिछले कुछ दिनों से एक महिला व एक पुरुष का आना-जाना था, लेकिन उक्त व्यक्तियों की पहचान नहीं हो सकी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सकरिया के पास दो संदिग्ध महिला व एक पुरुष को पकड़कर पुलिस हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम ने उक्त संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ करने पर बताया कि उसने अपने बड़े भाई जो कि साधू के वेश में रहता है, व उसकी पत्नी के साथ मिलकर मृतक के घर में बक्से में रखे पैसों के लालच में षडयंत्र रचा तथा मृतक को उसके दुश्मनों पर काला जादू करवाने का झांसा देकर तथा काला जादू करने वाले व्यक्ति से मिलवाने का कहकर घटनास्थल पर ले गए, जहां पर उन्होंने उसकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
मृतक की हत्या करने के पश्चात उपरोक्त अभियुक्तगण मृतक के घर गये तथा उसका बक्सा खोलकर उसमें रखे 20,000 रूपये नगद, एक चांदी का सिक्का, एक चांदी का हार, मृतक का मोबाईल फोन तथा बैंक पासबुक निकाल कर ले गये।पुलिस टीम द्वारा अभियुक्तगण द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार घटना में प्रयुक्त 01 कुल्हाड़ी, 7000 रूपये नगद तथा मृतक का बैंक पासबुक जप्त कर दोनों अभियुक्तगण को गिरफ्तार कर लिया गया।
Next Story