मध्य प्रदेश

MP News: दुष्कर्म के प्रयास से आहत किशोरी ने खुद को आग लगाई, हालत गंभीर

Sarita
2 March 2025 10:47 AM IST
MP News:  दुष्कर्म के प्रयास से आहत किशोरी ने खुद को आग लगाई, हालत गंभीर
x
MP News: मलिहाबाद में एक मजदूर ने घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचने पर आरोपी भाग गया। आरोपी की हरकत से क्षुब्ध किशोरी ने खुद को आग लगा ली। आग की लपटों से घिरी किशोरी की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़े। किसी तरह आग बुझाई गई और पीड़िता को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, किशोरी के पिता ने मलिहाबाद कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र निवासी एक प्राइवेट चालक ने बताया कि 27 फरवरी को बेटी (17) घर पर थी। इस दौरान मजदूर राहुल घर में घुस आया और किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता ने शोर मचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसका मुंह बंद कर दिया और उसे तख्त पर पटक कर पीटा। किसी तरह धक्का देकर किशोरी आरोपी के चंगुल से छूटी और मदद के लिए शोर मचाया। लोगों को आता देख राहुल भाग गया।
किशोरी राहुल की हरकत से इतनी आहत हुई कि उसने घर बंद कर लिया और अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। आग की लपटों से घिरी किशोरी की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मदद के लिए दौड़े। किसी तरह वे घर में घुसे और किशोरी के कपड़ों में लगी आग बुझाई। इस बीच उन्होंने पीड़िता के पिता को फोन कर सूचना दी। गंभीर रूप से जली किशोरी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने बताया कि किशोरी करीब 60 फीसदी जल चुकी है। पीड़िता के पिता ने बेटी के साथ हुई घटना की शिकायत मलिहाबाद पुलिस से की। मलिहाबाद इंस्पेक्टर बैजनाथ सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर शनिवार को आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया।
Next Story