मध्य प्रदेश

MP News: पंखे में करंट उतरने से किशोर की दर्दनाक मौत

Sarita
31 Aug 2025 10:28 AM IST
MP News: पंखे में करंट उतरने से किशोर की दर्दनाक मौत
x
MP News: मऊगंज जिले के हनुमान थाना क्षेत्र के कोन गाँव में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात एक दुखद घटना घटी। गाँव के 16 वर्षीय किशोर गौरीशंकर कोल की करंट लगने से मौत हो गई। घटना से पूरे गाँव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, गौरीशंकर रात में खाना खाने के बाद अपने कमरे में गया था। जैसे ही उसने पंखा चालू किया, अचानक करंट आ गया और वह उसकी चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज़ था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर परिवार के लोग दौड़कर मौके पर पहुँचे, लेकिन तब तक गौरीशंकर बेहोश पड़ा था। परिवार के लोग आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी सूचना पुलिस तक पहुँच गई।
मामले की जानकारी मिलते ही हनुमान पुलिस टीम मौके पर पहुँची। मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हनुमान भिजवाया। शनिवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
मृतक गौरीशंकर कोल परिवार का मझला बेटा था। उसके तीन भाई और दो बहनें हैं। दुखद पहलू यह है कि उसके माता-पिता का कुछ साल पहले निधन हो गया था। ऐसे में परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार, गौरीशंकर पढ़ाई के साथ-साथ घर की जिम्मेदारी भी संभाल रहा था। उसकी असामयिक मौत से उसके भाई-बहनों समेत पूरे गांव के लोग गहरे सदमे में हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम पंचायत कोन की सरपंच रेणु साकेत और सरपंच प्रतिनिधि शिवप्रसाद साकेत भी शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
Next Story