मध्य प्रदेश

MP News :बेटे ने माता-पिता पर लोहे की छड़ से हमला कर बेरहमी से कर दी हत्या

Sarita
30 Oct 2025 8:10 AM IST
MP News :बेटे ने माता-पिता पर लोहे की छड़ से हमला कर बेरहमी से  कर दी हत्या
x
MP News : मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरीकलां इलाके में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक बेटे ने अपने ही माता-पिता की लोहे की सब्बल से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना टिकरिया चौराहे के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित बेटे को हिरासत में ले लिया।पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान गणेशराम सेन (55) और उनकी पत्नी शांतिबाई सेन (52) के रूप में हुई है। दोनों के शव उनके घर के सामने खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। बताया जा रहा है कि यह वारदात उनके छोटे बेटे शिवराज सेन ने की है। फिलहाल हत्या की वजह का खुलासा नहीं हो सका है।
घटना बुधवार रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। जब आसपास के लोगों ने शोर सुना तो वे मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने दोनों को गंभीर हालत में देखा। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर एसडीओपी शशिकांत सरयाम और टीआई गजेंद्र सिंह बुंदेला पुलिस बल के साथ पहुंचे और इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू की।टीआई गजेंद्र सिंह बुंदेला ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि हत्या लोहे की सब्बल से की गई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है।
एसडीओपी सरयाम ने बताया कि आरोपित बेटे शिवराज सेन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी तक हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार में पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की असली वजह का पता लगाया जा सके।इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। गांव में मातम छाया हुआ है और लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आखिर बेटे ने इतनी बड़ी वारदात क्यों की।
Next Story