मध्य प्रदेश

MP News: दर्जनों लोगों के हंगामा करने से तनाव की स्थिति

Sarita
15 April 2025 7:47 AM IST
MP News: दर्जनों लोगों के हंगामा करने से तनाव की स्थिति
x
MP News: सोमवार को एक बार फिर गुना में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि हनुमान चौक पर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान नारेबाजी की गई और हजारों की संख्या में लोग विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के नेतृत्व में ज्ञापन देने कलेक्ट्रेट पहुंचे। ज्ञापन में हिंदू संगठनों ने जुलूस पर पथराव मामले में एफआईआर में आरोपियों की संख्या बढ़ाने और मुख्य आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। इसके बाद अचानक दर्जनों लोग उसी कर्नलगंज क्षेत्र में पहुंच गए, जहां शनिवार को पथराव की घटना हुई थी। 50 से अधिक लोगों ने हंगामा करते हुए पोस्ट ऑफिस के सामने गली में स्थित एक समुदाय विशेष के घरों पर पथराव शुरू कर दिया।
कई घरों पर पथराव करते हुए बिजली के मीटर तोड़ दिए गए, कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। अफरा-तफरी और पथराव का माहौल बनते ही क्षेत्र के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि करीब 15 मिनट बाद पुलिस कप्तान संजीव कुमार सिन्हा, एसडीएम शिवानी पाठक, तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा के नेतृत्व में सैकड़ों पुलिसकर्मी उपद्रवियों को खदेड़ने कर्नलगंज पहुंचे। उपद्रवियों को नियंत्रित करने और खदेड़ने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा। पुलिस ने प्रताप छात्रावास की ओर एकत्रित हो रहे लोगों को भी बलपूर्वक खदेड़ा और उन्हें हंगामा न करने की चेतावनी दी।
हालांकि घटना की जानकारी धीरे-धीरे पूरे शहर में आग की तरह फैल गई और दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद करने शुरू कर दिए। इसके बाद कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, एसपी संजीव कुमार सिन्हा, एसडीएम शिवानी पाठक सहित अन्य अधिकारी तेलघानी से जयस्तंभ चौक तक पैदल गए और दुकानदारों से कहा कि स्थिति सामान्य है, कोई तनाव नहीं है और लोग अपनी दुकानें खोलकर व्यापार शुरू करें। हालांकि, नगर थाने में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने समझाया कि किसी भी तरह से हालात बिगड़ने नहीं दिए जाएंगे। पुलिस लगातार इलाके में गश्त करेगी और हुड़दंग मचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के आश्वासन पर महिलाएं मान गईं और नगर थाने की पुलिस गाड़ी में उन्हें उनके घर भेज दिया गया। दोपहर करीब दो बजे तक शहर में हालात सामान्य हो गए और धीरे-धीरे बाजार भी खुल गए।
Next Story