मध्य प्रदेश

MP News: पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, पूछताछ में हुए कई खुलासे

Sarita
27 Feb 2025 11:35 AM IST
MP News: पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ  दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, पूछताछ में हुए कई खुलासे
x
MP News: बड़वाह अनुभाग के अंतर्गत बेड़ियान थाने में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने पंजाब से आए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने की बड़ी कार्रवाई की गई है। इस मामले को लेकर बुधवार को एसपी धर्मराज मीना ने बड़वाह थाने में प्रेस वार्ता कर मीडिया कर्मियों को जानकारी दी। मामले को लेकर एसपी मीना ने बताया कि 25 फरवरी को बेड़ियान थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि पंजाब प्रांत के दो व्यक्ति खरगोन जिले के ग्राम सिंगनोर से हथियारों की खरीद-फरोख्त कर लाए हैं। और ये दोनों व्यक्ति हथियारों के साथ ग्राम आंबा की ओर गए हैं। इस सूचना पर थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम गठित कर मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर तत्काल टीम को रवाना किया।
पुलिस को ग्राम आंबा में श्मशान घाट पर लगे हैंडपंप के पास दो संदिग्ध व्यक्ति हाथ में थैला लिए खड़े दिखाई दिए। जिन्होंने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। दोनों आरोपियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम सुनील और संदीप बताया और दोनों ने अपना निवास स्थान बलेल की हसल थाना अमीर खास तहसील जलालाबाद फाजिल्का पंजाब बताया। पुलिस को सुनील के बैग में चार देशी पिस्तौल और संदीप के बैग में तीन देशी पिस्तौल बिना कागजात और लाइसेंस के मिले। जिन्हें वैधानिक रूप से जब्त करने की कार्रवाई की गई है। कुल सात अवैध देशी पिस्तौल जिनकी कीमत पुलिस ने करीब 1 लाख 75 हजार रुपये बताई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Next Story