मध्य प्रदेश

MP News: तेज आंधी में नियंत्रण खोने से यात्री बस पलटी, तीन यात्री घायल

Sarita
28 May 2025 11:48 AM IST
MP News: तेज आंधी में नियंत्रण खोने से यात्री बस पलटी, तीन यात्री घायल
x
MP News: शाजापुर जिले के शुजालपुर-पचोर नेशनल हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। तेज हवा और बारिश के चलते रुहेला ट्रैवल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर चित्तौरा गांव के पास पलट गई। हादसे में तीन यात्री घायल हो गए, जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस टीम और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्री काफी घबरा गए। जिसे जहां मौका मिला, बस से उतरकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया। जानकारी के अनुसार रुहेला ट्रैवल्स (कुलदीप) की बस कुरावर से तलेन-इकलेरा रोड होते हुए शुजालपुर जा रही थी। तभी अचानक तेज हवा और बारिश शुरू हो गई। मौसम ने ऐसी करवट ली कि बस हिलने लगी और चालक नियंत्रण खो बैठा। बस सड़क किनारे पलट गई। बस में कुल आठ से दस यात्री सवार थे।
हादसे में घायल जामनेर निवासी नियामत बी को प्राथमिक उपचार के लिए शुजालपुर के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। अन्य दो यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं। सिटी थाना प्रभारी प्रवीण पाठक ने बताया कि बस में पांच से सात यात्री सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। हालांकि किसी यात्री ने थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौसम वैज्ञानिक सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि मंगलवार को क्षेत्र में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। ऐसे मौसम में वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होती है। गौरतलब है कि हाल ही में मौसम में बदलाव आया है और कई इलाकों में आंधी और बारिश के हालात बन रहे हैं। प्रशासन ने भी लोगों से खराब मौसम में यात्रा करने से बचने की अपील की है।
Next Story