मध्य प्रदेश

MP News: आतंकी हमले में बाल-बाल बचा पांढुर्ना का परिवार

Sarita
24 April 2025 9:43 AM IST
MP News: आतंकी हमले में बाल-बाल बचा पांढुर्ना का परिवार
x
MP News: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से 15 मिनट पहले शंकर नगर निवासी व्यापारी गुलशन मदान अपने परिवार के 6 अन्य सदस्यों के साथ मौके से पहलगाम स्थित अपने होटल के लिए निकले थे। गुलशन मदान के मुताबिक परिवार के सभी 7 सदस्य 2 बजकर 15 मिनट पर उक्त घाटी से घोड़े पर सवार होकर पहलगाम के लिए निकले थे। घटनास्थल से कुछ दूर पहुंचते ही सभी को फायरिंग की आवाज सुनाई दी। घुड़सवारों ने उन्हें बताया था कि कुछ गड़बड़ है, ऊपर फायरिंग हो रही है, लेकिन किसी को नहीं पता था कि इतना बड़ा आतंकी हमला हो गया है, लेकिन डर के साये में सभी घोड़ों के सहारे दुर्गम रास्ते से घाटी से नीचे उतरते रहे।
पहलगाम स्थित अपने होटल में पहुंचते ही सभी को इस भीषण आतंकी हमले की पूरी जानकारी मिली, सभी डर गए और अपने होटल में ही सुबह होने का इंतजार करते रहे। सभी इतने डरे हुए थे कि उन्होंने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। परिवार के सभी 7 सदस्यों ने मंगलवार दोपहर से बुधवार सुबह 5 बजे तक 14 घंटे आतंक के साये में पहलगाम के एक होटल के कमरे में बिताए। पूरा परिवार पूरी रात जागकर सुबह होने का इंतजार करता रहा, खिड़कियों से उन्होंने देखा कि पूरा इलाका सेना के जवानों से घिरा हुआ है। सेना के जवान सर्च ऑपरेशन में लगे हुए थे, सुबह 5 बजे जैसे ही उन्हें पता चला कि पर्यटकों के लिए मार्ग खोल दिया गया है, मदान परिवार तुरंत जम्मू के लिए रवाना हो गया।
बुधवार शाम को गुलशन मदान ने फोन पर जानकारी दी कि 20 अप्रैल को परिवार के सभी सदस्य वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद कश्मीर के पहलगाम घूमने गए थे, और इस भीषण आतंकी हमले के कारण सभी पहलगाम में फंस गए, फिलहाल बुधवार शाम 6 बजे सभी लोग सुरक्षित जम्मू पहुंच गए हैं, जहां से सभी अमृतसर के लिए रवाना हो गए हैं।
Next Story