मध्य प्रदेश

MP News: मीटर रीडर से कराया लाइनमैन का काम,करंट लगने से मौत

Sarita
21 March 2025 11:46 AM IST
MP News: मीटर रीडर से कराया लाइनमैन का काम,करंट लगने से मौत
x

MP News: खंडवा जिले में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक जितेंद्र सराठे जावर विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड में संविदा आधार पर मीटर रीडर के पद पर कार्यरत था। जहां गुरुवार को लाइन सुधारते समय करंट लगने से उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक केवल मीटर रीडर था, लेकिन कंपनी के जूनियर इंजीनियर और लाइन स्टाफ उससे लाइनमैन का काम करवा रहे थे, जिसके कारण यह दुखद हादसा हुआ। घटना के बाद ग्रामीण एकत्र हुए और मृतक के शव के साथ खंडवा-मूंदी रोड पर प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों ने मांग की कि दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए और मृतक के परिवार को मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। मृतक की मां और पत्नी ने प्रशासन से मांग की कि उनके दो छोटे बच्चे हैं, जितेंद्र ही उनका एकमात्र सहारा था और उसके अलावा उनका कोई नहीं है। अब खुद के पालन-पोषण के साथ-साथ बच्चों के पालन-पोषण का भी संकट है। उन्होंने कहा कि बिजली कंपनी की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। जितेंद्र सराठे मीटर रीडर के पद पर कार्यरत थे, लेकिन उनसे लाइनमैन का काम कराया जा रहा था।

ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए तहसीलदार समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। लेकिन ग्रामीण अभी भी जाम लगाने पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ पुलिस मामला दर्ज नहीं होता और मुआवजा व नौकरी की गारंटी नहीं दी जाती, तब तक वे धरना खत्म नहीं करेंगे। एसडीएम बजरंग बहादुर सिंह ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जो भी कानूनी कार्रवाई जरूरी होगी, वह की जाएगी और शासन के मापदंडों के आधार पर यथासंभव सहयोग करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। मामले की जांच की जाएगी और इसमें दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और शव का पोस्टमार्टम कराया।

Next Story