मध्य प्रदेश

MP News: कच्ची शराब का बड़ा खुलासा, दो तस्कर गिरफ्तार

Sarita
6 Oct 2025 8:13 AM IST
MP News:  कच्ची शराब का बड़ा खुलासा,  दो तस्कर गिरफ्तार
x
MP News: जबलपुर पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कच्ची शराब जब्त करने की कार्रवाई की है। आरोपी शराब तस्कर लंबे समय से शराब की तस्करी में लिप्त थे। इधर, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों आरोपी तस्करों को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने जिले में पदस्थ सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थ/शराब के कारोबार में लिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
आदेश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी और एसडीओपी बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चरगवां थाने की टीम ने दो आरोपियों को 60 लीटर कच्ची शराब के साथ रंगे हाथों पकड़ा। थाना प्रभारी चरगवां उपनिरीक्षक अभिषेक प्यासी ने बताया कि विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की सिग्नेचर मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेडएस 7585 पर दो युवक कुलोन से बढियाखेड़ा चौराहे की ओर अवैध रूप से शराब का परिवहन और बिक्री करने आ रहे हैं। मुखबिर की सूचना के आधार पर बधियाखेड़ा चौराहे से आगे कुलोन रोड पर दबिश दी गई।
कुछ देर बाद कुलोन की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिसे घेरकर रोका गया। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए से मिलते-जुलते दो युवक उस पर बैठे मिले। मोटरसाइकिल के पिछले पायदान के दोनों ओर रस्सी से बंधे चार प्लास्टिक के गमले रखे मिले। नाम-पता पूछने पर मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम मोतीलाल मरावी, उम्र 25 वर्ष और पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम मुकेश मरावी, उम्र 35 वर्ष, दोनों निवासी दियाखेड़ा बरगी बताया।
चारों गमलों की जांच करने पर लगभग 60 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। आरोपियों के कब्जे से 60 लीटर कच्ची शराब और शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल होंडा साइन क्रमांक एमपी 20 जेडएस 7585 को जब्त कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।

Next Story