मध्य प्रदेश

MP News: कुएं में गिरी कार से अवैध मादक पदार्थ बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Sarita
4 July 2025 8:02 AM IST
MP News:  कुएं में गिरी कार से अवैध मादक पदार्थ बरामद, जांच में जुटी पुलिस
x
MP News: नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नावनखेड़ी में गुरुवार सुबह बिना मुंडेर वाले पुराने कुएं में गिरी क्रेटा कार क्रमांक एमपी 09 जेडके 5391 से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलने पर नाहरगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कार और उसमें भरी करीब 12 बोरियों को बाहर निकाला गया। घटना के अनुसार गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने एक गाड़ी को कुएं में गिरा हुआ देखा, जिसके बाद आसपास जमा हुई भीड़ ने उसमें रखी बोरियों को भी देखा। संदेह होने पर तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नाहरगढ़ थाना प्रभारी प्रभात गौड़ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से कार को कुएं से बाहर निकाला।
कार की जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि उसमें डोडाचूरा से भरी करीब 12 बोरियां रखी हुई थीं। पुलिस के अनुसार मौके पर कार में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। वाहन में नंबर प्लेट नहीं थी, जिसके कारण पहचान में भी परेशानी आ रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अवैध मादक पदार्थ तस्कर ने पीछा छुड़ाने के लिए कार को कुएं में धकेला होगा या फिर वाहन खुद ही संतुलन खोकर गिर गया होगा।
टीआई प्रभात गौड़ ने बताया कि कार के अंदर डोडाचूरा मिला है, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, इसलिए अभी मामला दर्ज नहीं किया गया है। प्रथम दृष्टया यह अवैध मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा मामला लग रहा है। घटना के बाद गांव व आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई जगह बिना मुंडेर के कुएं खुले पड़े हैं, जिसके कारण आए दिन हादसे होने की आशंका बनी रहती है। वहीं पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार व डोडाचूरा को जब्त करने की पूरी कार्रवाई में जुटी हुई है और वाहन मालिक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Next Story