मध्य प्रदेश

MP News: जंगल में भीषण आग,कर्मचारियों ने गीली टहनियों से बुझाई

Sarita
24 March 2025 10:31 AM IST
MP News:  जंगल में भीषण  आग,कर्मचारियों ने गीली टहनियों से बुझाई
x
MP News: दमोह जिले के तेंदूखेड़ा से 20 किमी दूर वन परिक्षेत्र झालौन की डुकरसटा बीट के जंगल में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग एक हेक्टेयर में फैल गई। मशीन खराब होने से वनकर्मी गीली झाड़ियों से आग बुझाते रहे। तेज हवाएं चलने और जंगलों में सूखी घास-पात होने से आग कुछ ही देर में बड़े क्षेत्र में फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की ओर से चौकीदारों की टीम मौके पर भेजी गई। उन्होंने कुछ देर तक पेड़ की टहनियों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं में आग फैलती रही, जिसे बुझाना संभव नहीं हो सका।
आग बुझाने की मशीन खराब होने से कर्मचारी बेबस नजर आए और पेड़ की गीली टहनियों से आग बुझाने का प्रयास करते रहे। चौकीदार ब्रजेश ठाकुर ने बताया कि विभाग की ओर से चार माह पूर्व अग्निशमन यंत्र खरीदा गया था, जो खराब हो गया है। इसलिए गीली टहनियों से आग बुझाई जा रही है। वन परिक्षेत्र अधिकारी सतीश मसीही ने बताया कि आग लगने का कारण अज्ञात है। 15 कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन अग्निशमन यंत्र खराब हो चुका था। करीब एक हेक्टेयर क्षेत्र में आग लगी है।
आग से पेड़ों को नुकसान नहीं पहुंचा है। सूखी घास की पत्तियों में आग तेजी से फैली, जिस पर सोमवार सुबह तक काबू पा लिया गया। आपको बता दें कि गर्मी शुरू होते ही जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। किसान फसल काटने के बाद खेतों में आग लगा रहे हैं, जिससे भी जंगल में आग लग रही है। इस पर काबू पाने के लिए वन विभाग और शासन प्रशासन के पास पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। आगजनी की घटनाओं से जंगलों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जाता है, लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचती है, तब तक काफी बड़ा क्षेत्र आग की चपेट में आ चुका होता है।
Next Story