मध्य प्रदेश

MP News: खाद्य विभाग ने मनिकवार बाजार में मारा छापा, कई दुकानें बंद

Sarita
18 Oct 2025 6:33 AM IST
MP News: खाद्य विभाग ने मनिकवार बाजार में मारा छापा, कई दुकानें बंद
x
MP News: जिले के मनिकवार में दीपावली के महापर्व से ठीक पहले, उपभोक्ताओं को मिलावटखोरों से बचाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. मनिकवार बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अचानक छापेमार कार्यवाही की, जिससे बाजार में हड़कंप मच गया. इस कार्रवाई की खबर फैलते ही, कई मिठाई दुकान संचालक और किराना व्यापारी आनन-फानन में दुकानें बंद करके रफू चक्कर हो गए, जिससे यह साफ़ संकेत मिलता है कि बाजार में बड़े पैमाने पर मिलावट का खेल चल रहा था.
रायपुर कर्चुलियान ब्लॉक के खाद्य विभाग के अधिकारियों ने यह कार्यवाही कलेक्टर के निर्देश पर ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान के तहत की. त्योहारों के मौसम में अक्सर दूध, मावा, पनीर और मिठाइयों में घटिया क्वालिटी या मिलावटी सामग्री का इस्तेमाल होता है, जो सीधे तौर पर जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है.
टीम ने विशेष रूप से मिठाई की दुकानों को निशाना बनाया, जहाँ दिवाली के लिए बड़े स्टॉक तैयार किए जा रहे थे. अधिकारियों ने विभिन्न मिठाई, मावा और अन्य खाद्य पदार्थों के कई संदिग्ध नमूने एकत्र किए हैं. इन सभी नमूनों को तुरंत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. टीम को देखते ही कई नामी-गिरामी दुकानदार दुकानों का शटर गिराकर मौके से फरार हो गए. एक मिठाई दुकान संचालक को तो अपनी दुकान के अंदर ही सामान छुपाते हुए देखा गया, जिससे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मौके पर स्पष्ट चेतावनी दी है कि लैब से आने वाली रिपोर्ट में अगर किसी भी नमूने में मिलावट पाई जाती है या खाद्य सामग्री अमानक पाई जाती है, तो संबंधित दुकान संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसमें भारी जुर्माना और कानूनी मुकदमा भी शामिल हो सकता है.यह कार्यवाही जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. विभाग ने कहा है कि यह अभियान दीपावली तक जारी रहेगा और किसी भी मिलावटखोर को बख्शा नहीं जाएगा.
Next Story