- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- MP News: नरवर में...
मध्य प्रदेश
MP News: नरवर में गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी आग, फसल जलकर राख
Sarita
19 April 2025 11:00 AM IST

x
MP News: उमरिया जिले के ग्राम पंचायत पाटौर के अंतर्गत ग्राम नरवर में बड़ा हादसा हो गया. गेहूं से भरी बंद ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक आग लग गई. यह हादसा दोपहर में उस समय हुआ जब ट्रैक्टर-ट्रॉली खेत से गेहूं लेकर लौट रही थी. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी ट्रॉली जलकर राख हो गई. स्थानीय लोगों के मुताबिक जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली नरवर गांव की सीमा में पहुंची तो उसमें से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया. शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद ट्रैक्टर में कोई तकनीकी खराबी है, लेकिन कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं और हालात बेकाबू हो गए. ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने गेहूं को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया|
हादसे की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत के सदस्य और कुछ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. हालांकि तब तक ट्रॉली पूरी तरह जल चुकी थी और उसमें भरा गेहूं भी राख हो चुका था. ग्रामीणों ने बताया कि यदि दमकल समय पर पहुंच जाती तो काफी हद तक नुकसान को रोका जा सकता था, लेकिन दमकल की गाड़ी न होने से स्थिति और बिगड़ गई। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। कुछ लोगों का मानना है कि आग शॉर्ट सर्किट या चिंगारी से लगी होगी, जबकि अन्य लोग इसे ट्रैक्टर की तकनीकी खराबी मान रहे हैं। ट्रॉली में लदे गेहूं की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
जिस उमेश सिंह की ट्रॉली थी, उसने दुख जताते हुए कहा कि उसने बड़ी मेहनत से यह फसल उगाई थी और इस नुकसान से उसकी आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ेगा। उसने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है, ताकि उसे कुछ राहत मिल सके। इस हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में अग्निशमन व सुरक्षा व्यवस्था की कमी को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे क्षेत्रों में आग से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन व त्वरित सहायता सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
Next Story





