- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- Mp News: पेंच टाइगर...

Mp News: पेंच टाइगर रिजर्व की अरी बफर रेंज से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां लगभग 5–6 महीने की एक मादा बाघ शावक की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार शावक निमोनिया, अत्यधिक कमजोरी और पिछले पैर में पुरानी चोट से जूझ रही थी। वन विभाग ने उसे बचाने और उसकी मां से मिलाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
वन अधिकारियों के मुताबिक, कुछ दिन पहले गश्ती दल को अरी बफर क्षेत्र में यह शावक बेहद कमजोर हालत में दिखाई दी थी। संभावना जताई गई कि यह शावक उसी बाघिन का बच्चा है और किसी कारणवश उससे बिछड़ गई है।इसी उम्मीद में वन विभाग ने शावक को तुरंत रेस्क्यू करने के बजाय पहले उसे उसी क्षेत्र में सुरक्षित निगरानी के बीच छोड़ दिया, ताकि वह खुद अपनी मां के पास लौट सके। लेकिन अगले ही दिन वह फिर उसी स्थान के आसपास मिली और उसकी हालत पहले से ज्यादा नाजुक नजर आई।पशु चिकित्सकों की टीम ने उपचार शुरू किया, लेकिन शावक की शारीरिक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। आखिरकार सोमवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा ने शावक का पोस्टमॉर्टम किया। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि वह गंभीर निमोनिया से ग्रस्त थी। साथ ही उसके पिछले बाएं पैर में पुरानी चोट के निशान भी मिले। डॉक्टरों का मानना है कि बीमारी और पैर की चोट के कारण वह ठीक से चल-फिर नहीं पा रही होगी, जिससे वह अपनी मां और अन्य शावकों के साथ तालमेल नहीं बिठा सकी। संभवतः इसी वजह से वह समूह से अलग हो गई।





