मध्य प्रदेश

MP News: बस और मोटरसाइकिल में टक्कर, युवक की मौत

Sarita
7 May 2025 7:31 AM IST
MP News: बस और मोटरसाइकिल में टक्कर, युवक  की मौत
x
MP News: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब एक निजी यात्री बस ने बाइक को टक्कर मार दी। घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे इंदौर रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई, जिससे युवक बस की चेसिस में फंस गया। इससे बस भी सड़क से उतर गई। हादसे में बस में सवार यात्री भी घबरा गए।
जानकारी के अनुसार जैन कंपनी की यात्री बस (क्रमांक एमपी10 पी 5155) इंदौर से खरगोन जा रही थी, सामने से आ रही बाइक (क्रमांक एमपी10 जेडए 6488) से उसकी भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में दिलीप पिता भीम सिंह बामनिया निवासी श्रीनगर छोटी, खरगोन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीयूष पिता ओमप्रकाश राठौर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर कसरावद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों व मृतक को अस्पताल पहुंचाया। दिलीप का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद बाइक सवार बस में फंस गए, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से उतरते हुए डगमगाने लगी। कुछ देर के लिए बस में बैठे यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई, लेकिन चालक की सूझबूझ से बस पलटने से बच गई और सभी यात्री सुरक्षित रहे। घटना के बाद कसरावद थाना प्रभारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात चालू कराया।
Next Story