मध्य प्रदेश

MP News:मोबाइल छीनने के विवाद में चली गोली, युवक की मौत

Sarita
5 Sept 2025 7:05 AM IST
MP News:मोबाइल छीनने के विवाद में चली गोली,   युवक की मौत
x
MP News: शहर में गुरुवार शाम उस समय दहशत का माहौल हो गया जब कोलगवां थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर स्थित दुर्गा मंदिर के सामने एक चाय की दुकान को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि गोलियां चल गईं। इस गोलीबारी की घटना में 17 वर्षीय सत्यम शुक्ला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक बाल-बाल बच गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस बल तैनात करना पड़ा। सिद्धार्थ नगर में हुई इस गोलीबारी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सूर्य प्रताप सिंह अपने दोस्त के साथ बड़हिया टोला एफसीआई गोदाम के पास एक चाय की दुकान पर बैठकर चाय पी रहे थे। इसी बीच उनके पुराने परिचित वेद मिश्रा अपने पांच साथियों के साथ वहां पहुंच गए।आरोप है कि उनके साथ आए आयुष द्विवेदी ने सूर्य प्रताप का मोबाइल छीन लिया, जिससे दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई शुरू हो गई।
इसी बीच, गुस्साए वेद मिश्रा ने पिस्टल से सूर्य प्रताप पर गोली चला दी। गनीमत रही कि सूर्य प्रताप नीचे झुक गया और गोली उसे नहीं लगी।
मामला बिगड़ता देख सत्यम शुक्ला ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और आरोपियों को गोली न चलाने के लिए मनाने लगा। तभी सचिन पाल ने देशी तमंचे से सत्यम पर यह कहते हुए गोली चला दी, "यह बहुत ज़्यादा अपना पक्ष रख रहा है, मार डालो इसे।" गोली सीधे सत्यम के सीने में लगी।घटना के बाद घायल सत्यम को तुरंत बिरला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रीवा रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान रास्ते में ही सत्यम की मौत हो गई। इस घटना से पीड़ित परिवार और स्थानीय लोग बेहद गुस्से और सदमे में हैं।
Next Story