मध्य प्रदेश

MP News: घर के आंगन में खेल रहे थे भाई-बहन, सियार ने किया हमला

Sarita
21 March 2025 7:52 AM IST
MP News: घर के आंगन में खेल रहे थे भाई-बहन, सियार ने किया हमला
x
MP News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी से आदमखोर सियार के हमले की घटना सामने आई है. यहां एक गांव के आंगन में दो मासूम भाई-बहन खेल रहे थे. इसी दौरान सियार ने उन पर हमला कर दिया. बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे बच्चों के पिता और दादा को सियार ने काट लिया. इसके बाद आंगन में पड़ोसी इकट्ठा होने लगे, जिसके बाद सियार जंगल की ओर भाग गया. घायल बच्चों को बदरवास अस्पताल से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शिवपुरी के बदरवास वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरखेड़ा गांव निवासी आकाश जाटव (4) और उसकी बहन मीनाक्षी (2) बुधवार शाम घर के आंगन में खेल रहे थे. तभी पाटौर से एक सियार नीचे कूदा और बच्चों पर हमला कर दिया. बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पिता जगदीश और दादा लादुरा दोनों वहां आए और सियार को भगाने की कोशिश की. इस दौरान आदमखोर सियार ने उन्हें भी घायल कर दिया. सियार ने बच्चों पर हमला कर दिया|
बाद में शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो सियार भाग गया. पुलिस की मदद से घायल बच्चों और दादा को पहले बदरवास और फिर जिला अस्पताल इलाज के लिए लाया गया. बताया जा रहा है कि सियार पहले भी गांव के कुछ मवेशियों पर हमला कर उन्हें मार चुका है. बरखेड़ा गांव की जाटव बस्ती में आए दिन सियार के हमले की घटनाएं हो रही हैं. बच्चों पर हमले की घटना ने ग्रामीणों को और दहशत में डाल दिया है. पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में उनकी फसल कटने के लिए तैयार है, लेकिन डर और दहशत के चलते वे खेतों पर नहीं जा पा रहे हैं. हमने इस मामले में कई बार वन विभाग के अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन कोई भी हमारी शिकायत पर कार्रवाई नहीं कर रहा है. इस तरह की घटनाओं के बाद गांव के सभी लोग काफी डरे हुए हैं|
Next Story