मध्य प्रदेश

MP News: ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत

Sarita
1 May 2025 10:38 AM IST
MP News: ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
x
MP News: दमोह जबलपुर स्टेट हाईवे पर जबेरा थाने के गुबारा गांव में बुधवार रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और गुस्साई भीड़ ने ट्रक में आग लगा दी। इससे दमोह जबलपुर मार्ग पर यातायात बंद हो गया। तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शव को जबेरा अस्पताल भिजवाया और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग में ट्रक जलकर राख हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की बहन की शादी बुधवार रात को थी और वह किसी काम से घर आया हुआ था। जानकारी के अनुसार गुबारा गांव निवासी शुभम पुत्र कमलेश झारिया 24 वर्ष की बहन की बुधवार रात शादी थी। रात करीब 11 बजे बारात की तैयारियां चल रही थी। उसका घर गुबारा हेलीपैड के सामने है और घर के सामने शादी का पंडाल लगा हुआ था। शुभम बाइक से शादी के पंडाल में जा रहा था। इसी दौरान दमोह से जबलपुर जा रहे गेहूं से भरे ट्रक के चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और कुछ देर बाद ग्रामीण भी एकत्र हो गए। घटना रात करीब 11 बजे की है। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी। जिससे पूरा ट्रक जलकर राख हो गया। करीब एक घंटे तक दमोह जबलपुर हाईवे पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई। ट्रक की आग बुझने पर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई।
उधर, शादी की तैयारियां चल रही थीं और घर के कुछ लोगों की मौजूदगी में शादी संपन्न कराई गई। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और ट्रक में आग लगाने वालों के बारे में भी जानकारी ली जा रही है। ट्रक में लगी आग सुबह तक सुलगती रही। शव को जबेरा स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। आज गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
Next Story