मध्य प्रदेश

MP News: नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन पुल से नीचे गिरी बाइक, दो युवकों की दर्दनाक मौत

Sarita
2 July 2025 1:28 PM IST
MP News: नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन पुल से नीचे गिरी बाइक, दो युवकों की दर्दनाक मौत
x
MP News: मध्य प्रदेश के खंडवा-इंदौर-एदलाबाद नेशनल हाईवे पर बन रहे पुल पर बड़ा हादसा हो गया। बैरिकेड्स न होने के कारण बाइक पुल के नीचे गिर गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद लोगों ने निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। दरअसल, घटना खंडवा इंदौर हाईवे पर ग्राम बसवा के पास मंगलवार रात की बताई जा रही है। इस हादसे में मृतकों की पहचान ग्राम छपरा निवासी संजय ढाकसे (32) और धर्मेंद्र कोहरे (35) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ये दोनों इंदौर में मजदूरी करते थे और पारिवारिक काम से देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। रात के अंधेरे में ये सर्विस लेन छोड़कर निर्माणाधीन पुल पर बाइक चढ़ा दी, जिससे ये पुल से नीचे गिर गए।
परिजनों का कहना है कि ये दोनों मंगलवार शाम करीब 5 बजे सोयाबीन का बीज लेने घर से सनावद के लिए निकले थे। घर लौटते समय इनके साथ ये हादसा हुआ। दोनों खेती करते थे। दोनों की शादी नहीं हुई थी। सनावद पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक अधूरे पुल से नीचे गिरी है।
मौके पर मौजूद बसवा निवासी लालसिंह गौड़ ने बताया कि एनएचएआई ठेकेदार की गंभीर लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। निर्माण कार्य कर रही केदारेश्वर कंपनी ने पुल के पास बैरिकेडिंग नहीं की थी। केवल दो-तीन कंक्रीट के खंभे लगाए थे, जो भारी वाहनों को रोकने के लिए थे। दोपहिया वाहन आसानी से गुजर सकते थे।
Next Story