- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- MP News: आवारा गोवंश...

x
MP News: जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। परगा मोड़ के पास बाइक सवार एक बुजुर्ग आवारा मवेशियों से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुँचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान लौर थाना क्षेत्र के अटरा गाँव निवासी दद्दी कोल (60 वर्ष) के रूप में हुई है। मंगलवार को दद्दी कोल घरेलू काम से देवतालाब गए थे। शाम को बाइक से लौटते समय परगा मोड़ के पास सड़क पार कर रहे एक आवारा मवेशी से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दद्दी कोल सड़क से नीचे गिर गए।
ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से नईगढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, दद्दी कोल मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर नईगढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि मृतक का पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया बुधवार सुबह पूरी की जाएगी।
Next Story





