मध्य प्रदेश

MP News: बारिश के दौरान बड़ा हादसा, सुनार नदी में नहाते समय डूबा वृद्ध, तलाश जारी

Sarita
14 July 2025 10:27 AM IST
MP News: बारिश के दौरान बड़ा हादसा, सुनार नदी में नहाते समय डूबा वृद्ध, तलाश जारी
x
MP News: सागर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। पिछले तीन-चार दिनों से रुक-रुक कर हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जिले के अधिकांश नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन नागरिकों से सतर्क रहने और नदी-नालों से दूरी बनाए रखने की अपील कर रहा है, लेकिन लापरवाही के कारण घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसा ही एक मामला जिले के रहली क्षेत्र से सामने आया है, जहां 73 वर्षीय धर्मदास पाल रविवार सुबह सुनार नदी के बांधा घाट पर नहाने पहुंचे थे। इस दौरान तेज बहाव के कारण वे नदी में बह गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, नदी में जलस्तर अधिक होने और बहाव तेज होने के कारण वृद्ध का कुछ पता नहीं चल सका। इस बीच, रविवार शाम करीब 5 बजे गढ़ाकोटा इलाके में सुनार नदी के पुल पर एक शव तैरते हुए मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद गढ़ाकोटा पुलिस ने नदी किनारे तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। खबर लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो पाई थी। प्रशासन ने जिले के लोगों से फिर अपील की है कि वे इस बारिश के मौसम में किसी भी हालत में नदी-नालों के पास न जाएं। अचानक जलस्तर बढ़ने से जान को खतरा हो सकता है। राहत और तलाशी अभियान जारी है, और पुलिस हालात पर नजर रखे हुए है।
Next Story