- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- MP News: प्रसव के बाद...
MP News: प्रसव के बाद महिला को घर छोड़ने जा रही एंबुलेंस पेड़ से टकराई, तीन लोगों की मौत

MP News : मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में सोमवार को एक अनियंत्रित एंबुलेंस के पेड़ से टकरा जाने से एक महिला और उसके नवजात शिशु समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में एंबुलेंस चालक और एक अन्य महिला घायल हो गई, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिपरिया थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि सर्रा किशोर निवासी 21 वर्षीय अंजलि राजपूत ने 26 जून को पिपरिया के निदान अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया था।
उन्होंने बताया कि अंजलि, उसका नवजात शिशु और परिवार की दो अन्य महिलाएं एंबुलेंस से अपने गांव जा रही थीं। अधिकारी ने बताया, ‘‘रास्ते में एंबुलेंस अनियंत्रित होकर आम के पेड़ से टकरा गई, जिससे वाहन में बैठी दो महिलाओं और एक नवजात शिशु (लड़के) की मौत हो गई।’’ उन्होंने बताया कि एक अन्य महिला और चालक पुष्पराज पटेल भी घायल हो गए। त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए।





