मध्य प्रदेश

MP News: एजेंसी संचालक और पत्नी की हत्या के बाद हमलावर ने खुद को मारी गोली

Sarita
1 Jan 2026 7:14 AM IST
MP News: एजेंसी संचालक और पत्नी की हत्या के बाद हमलावर ने खुद को मारी गोली
x
MP News: मंदसौर शहर के गोल चौक इलाके में नए साल की शाम एक सनसनीखेज घटना हुई। सिंधु आराधना मंदिर के पास वाली गली में रहने वाले ऑटो एजेंसी के मालिक दिलीप जैन और उनकी पत्नी रेखा जैन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौत हो गई। बुधवार रात करीब 8:30 बजे घर के अंदर अचानक गोलियों की आवाज़ सुनाई दी। चश्मदीदों ने बताया कि गोली चलाने के बाद हमलावर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन शोर सुनकर आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। खुद को घिरा हुआ देखकर आरोपी वापस घर के अंदर गया और खुद को गोली मार ली।
मृतकों की पहचान 60 साल के दिलीप जैन और उनकी पत्नी रेखा जैन के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावर का नाम विकास सोनी था, जो निम्बाहेड़ा का रहने वाला था। माना जा रहा है कि यह विवाद सोने-चांदी के लेन-देन को लेकर हुआ था, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही इसकी पुष्टि करेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस और सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने क्राइम सीन का मुआयना किया। तीनों शवों को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों और पूरी घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है, और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
Next Story