मध्य प्रदेश

MP News: कृषि मंडी में सो रहे किसान को लोडिंग टेम्पो ने कुचला

Sarita
30 April 2025 9:16 AM IST
MP News: कृषि मंडी में सो रहे किसान को लोडिंग टेम्पो ने कुचला
x
MP News : नीमच कृषि उपज मंडी में मंगलवार सुबह एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। किसान मंदसौर से अश्वगंधा की फसल लेकर आया था और मंडी परिसर में फसल के पास सो रहा था, तभी टेंपो चालक ने लापरवाही से उसे कुचल दिया। घटना के बाद चालक भाग गया, बाद में पुलिस ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मंदसौर जिले के बनी गांव निवासी 52 वर्षीय मोहनलाल पुत्र शोभाराम सोमवार को अश्वगंधा की फसल लेकर औषधीय कृषि उपज मंडी में आया था।
देर रात होने के कारण वह मंडी परिसर में बिछे तिरपाल पर सो गया। सुबह करीब 6 बजे राजस्थान के झालावाड़ से आए लोडिंग टेंपो चालक ने वाहन को पीछे करते समय सो रहे मोहनलाल को कुचल दिया। घटना के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने मोहनलाल को घायल अवस्था में देखा और एंबुलेंस को सूचना दी। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने लोडिंग टेंपो जब्त किया
इस घटना से किसानों में रोष व्याप्त है। लोडिंग टेंपो चालक लापरवाही से वाहन चलाते हैं और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। मंगलवार सुबह एक किसान की दर्दनाक मौत के बाद किसान आक्रोशित हो गए। पुलिस ने लोडिंग टेंपो क्रमांक आरजे 14 जीएच 9863 को जब्त कर लिया है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मंडी सचिव उमेश बसेडिया और निरीक्षक समीर दास मौके पर पहुंचे |
Next Story