मध्य प्रदेश

MP News: मांझे की चपेट में आने से एक 31 वर्षीय युवक का गला कटा, गंभीर रूप से घायल

Sarita
1 Jan 2026 6:29 AM IST
MP News: मांझे की चपेट में आने से एक 31 वर्षीय युवक का गला कटा, गंभीर रूप से घायल
x
MP News:गुना शहर के ओवरब्रिज पर बुधवार सुबह एक हृदय विदारक हादसा हो गया। पतंग उड़ाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे खतरनाक और प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक 31 वर्षीय युवक का गला गंभीर रूप से कट गया। घायल युवक को लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
ग्राम कुंदा निवासी लगभग 31 वर्षीय जेमा बंजारा बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने भाई और पत्नी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गुना शहर में दूध देने आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक शहर के ओवरब्रिज से गुजरी, अचानक हवा में उड़ता हुआ चाइनीज मांझा उनके गले में आकर फंस गया। इससे पहले कि जेमा कुछ समझ पाते धारदार मांझे ने उनकी गर्दन पर गहरा घाव कर दिया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर हड़कंप मच गया और जेमा सड़क पर ही गिरकर तड़पने लगे। उनके साथ मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है।
जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, युवक की गर्दन पर काफी गहरा कट लगा है। पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी के दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके उलट है। जेमा बंजारा के गले पर आए गहरे घाव ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पर रोक लगाने में प्रशासन नाकाम रहा है। समय रहते सख्त कार्रवाई न होने के कारण आमजन की जान लगातार जोखिम में बनी हुई है।
Next Story