मध्य प्रदेश

MP News: लिफ्ट में फंसा रहा 8 साल का मासूम , सदमे में पिता की मौत

Sarita
28 May 2025 10:48 AM IST
MP News:  लिफ्ट में फंसा रहा 8 साल का मासूम , सदमे में पिता की मौत
x
MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक बेहद चौंकाने वाली खबर आई है, जहां एक 8 साल का मासूम एक सोसाइटी की लिफ्ट में फंस गया. इस दौरान बाहर मौजूद उसका पिता इतना डर ​​गया कि सदमे से उसकी मौत हो गई. हालांकि बच्चा महज 3 मिनट बाद ही लिफ्ट से बाहर आ गया, लेकिन तब तक तनाव के चलते उसके पिता की मौत हो चुकी थी. यह दिल दहला देने वाला हादसा मिसरोद थाना क्षेत्र में बनी निरुपम रॉयल फार्म विला सोसाइटी की मल्टी में हुआ. मृतक की पहचान ऋषिराज भटनागर के रूप में हुई है, जो 51 साल के थे और इसी सोसाइटी के फ्लैट नंबर 307 में रहते थे|
सोमवार रात अचानक मल्टी की बिजली चली गई, तब ऋषिराज को पता चला कि उनका 8 साल का बेटा देवांश बिल्डिंग की लिफ्ट में फंस गया है, जिसके बाद वह आनन-फानन में जनरेटर चालू करने के लिए गार्ड रूम की तरफ भागे. हालांकि वहां पहुंचने से पहले ही उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह बेहोश हो गए. जिसके बाद लोग उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना की जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने मीडिया को बताया कि ऋषि हर रात टहलने के लिए निकलते थे। सोमवार को भी वह इसी काम से निकले थे, उनके साथ उनका 8 साल का बेटा देवांश भी था।
लेकिन देर रात होने के कारण उन्होंने अपने बेटे को वापस घर जाने को कहा। इसी बीच जब वह लिफ्ट से वापस जा रहे थे तो अचानक लाइट चली गई। इसके बाद यह हादसा हो गया। हालांकि 3 मिनट बाद बिजली वापस आ गई और देवांश भी लिफ्ट से सुरक्षित बाहर आ गया, लेकिन तब तक उसके पिता को दिल का दौरा पड़ गया, जिसके कारण थोड़ी देर बाद उनकी मौत हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि सदमे की वजह से पिता को दिल का दौरा पड़ा होगा, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो पाएगा।
Next Story