मध्य प्रदेश

MP News: ट्रैक्टर-थ्रेसर पलटने से लगी आग, जिंदा जले दो युवक

Sarita
2 March 2025 7:34 AM IST
MP News: ट्रैक्टर-थ्रेसर पलटने से लगी आग,  जिंदा जले दो युवक
x
MP News: छतरपुर के बक्सवाहा थाना क्षेत्र के गुगवारा-सेदरा मार्ग पर शनिवार शाम को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई लेकिन पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम काफी देरी से मौके पर पहुंची। हादसे के करीब डेढ़ घंटे बाद भी ट्रैक्टर में लगी आग नहीं बुझाई जा सकी। जानकारी के अनुसार एक ट्रैक्टर थ्रेसर लेकर बमोरी से ग्राम महुटा जा रहा था। तभी गुगवारा-सेदरा मार्ग पर शाम 4 बजे अचानक ट्रैक्टर और थ्रेसर पलट गए। जिससे ट्रैक्टर में भीषण आग लग गई। वहीं ट्रैक्टर में आग लगने से उस पर बैठे अशोक यादव (25) पुत्र आनंद यादव और मोहित गौड़ (17) पुत्र करण गौड़ आग की चपेट में आ गए। जिससे दोनों युवक जिंदा जल गए। ...तो शायद बच जाती युवकों की जान
आपको बता दें कि दोनों मृतक ग्राम महुता के रहने वाले हैं। ये लोग ट्रैक्टर और थ्रेसर लेकर फसल की मड़ाई करने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दुखद हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। कहा जा रहा है कि अगर पुलिस जल्दी मौके पर पहुंच जाती तो शायद मरने वाले दोनों लोगों को बचाया जा सकता था।
ट्रैक्टर में फंसकर जिंदा जल गए युवक
जानकारी के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि दोनों युवक ट्रैक्टर में फंस गए और आग की चपेट में आकर दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते तब तक आग इतनी भीषण हो चुकी थी कि दोनों को बचाना नामुमकिन हो गया।
बक्सवाहा थाना प्रभारी कृपाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही हम मौके पर पहुंचे। लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी खराब होने के कारण बीच रास्ते में ही बंद हो गई। लेकिन हमने पेट्रोल पंप से अग्निशमन यंत्र उठाकर आग बुझाने का प्रयास किया।बाद में सागर के शाहगढ़ से पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
Next Story