मध्य प्रदेश

MP ड्रग्स केस: जीतू पटवारी के भाई नाना हिरासत में

Saba Naaz
9 July 2026 9:59 PM IST
MP ड्रग्स केस: जीतू पटवारी के भाई नाना हिरासत में
x

इंदौर। मध्य प्रदेश में ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को हिरासत में लिया है। इंदौर पुलिस उनसे ड्रग्स मामले में पूछताछ कर रही है। पुलिस की यह कार्रवाई दो कथित ड्रग्स पैडलरों से पूछताछ के बाद सामने आए इनपुट के आधार पर की गई है। जानकारी के अनुसार, राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े मामले की जांच के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में कथित तौर पर नाना पटवारी का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के दौरान नाना पटवारी के संपर्क में होने की जानकारी मिली थी। जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों ने नाना पटवारी से परिचय और संपर्क होने की बात कही है। वहीं, पूछताछ के दौरान नाना पटवारी ने भी आरोपितों को जानने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नाना पटवारी की इस मामले में क्या भूमिका रही है और ड्रग्स नेटवर्क से उनका संबंध किस स्तर तक है। जांच टीम मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी भोपाल से इंदौर पहुंच गए। उन्होंने इस मामले को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे किसी भी तरह के दबाव में नहीं आएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ बदले की राजनीति की जा रही है और वे इससे डरने वाले नहीं हैं। जीतू पटवारी ने कहा कि कानून अपना काम करे, लेकिन जांच निष्पक्ष होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दबाव में किसी को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पूरे मामले को लेकर सरकार पर सवाल भी उठाए।

वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच पूरी निष्पक्षता के साथ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई तथ्यों और जांच में सामने आए सबूतों के आधार पर की जाएगी। ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ इंदौर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। शहर में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री से जुड़े लोगों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जिन लोगों के नाम सामने आएंगे, उनसे पूछताछ की जाएगी।

इस मामले के सामने आने के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस जहां इसे राजनीतिक कार्रवाई बता रही है, वहीं पुलिस जांच को तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाने की बात कह रही है। फिलहाल नाना पटवारी से पूछताछ जारी है। पुलिस आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर करेगी। इस मामले में आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Next Story