मध्य प्रदेश

Madhya Pradesh:भीषण सड़क हादसा, 3 युवकों की दर्दनाक मौत

Sarita
25 Dec 2025 12:13 PM IST
Madhya Pradesh:भीषण सड़क हादसा,  3 युवकों की दर्दनाक मौत
x
Madhya Pradesh: मध्यप्रदेश के मैहर जिले में एक दर्दनाक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही एक साथ मौत हो गई। तीनों रीवा से दिनभर की कड़ी मजदूरी के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, घटना जिले के मुकुंदपुर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत गुजरा टोल प्लाजा के पास की है। जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार देर रात इंडियन गैस एजेंसी के पास हुआ। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर रीवा से अपने गांव जमुना वापस आ रहे थे। तभी हादसा हुआ।
बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण चालक युवक को अंधेरे में खड़ी धान से लदी ट्रॉली दिखाई नहीं दिया। जब तक कुछ समझ आता बाइक सीधे ट्रॉली के पीछे जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने से उनकी घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं।
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक मेहनत-मजदूरी करते थे। मृतकों की पहचान अंकित सोधिया, दीपक कोल और नागेन्द्र कोल सभी निवासी ग्राम जमुना के रूप में हुई है।हादसे की सूचना मिलते ही ताला थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा और मुकुंदपुर चौकी प्रभारी नागेश्वर मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अमरपाटन सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Next Story