मध्य प्रदेश

Katni: तालाब में डूबकर दो भाइयों की मौत, दशहरे पर गांव में मातम

Sarita
3 Oct 2025 7:19 AM IST
Katni: तालाब में डूबकर दो भाइयों की मौत, दशहरे पर गांव में मातम
x
कटनी Katni: कटनी जिले के रीठी थाना अंतर्गत भरतपुर गांव में दशहरा के दिन दो सगे भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया और मातम का माहौल छा गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छोटे बरहटा के निवासी सुशील पटेल के बेटे शिवांश लोधी (8 साल) और देवांश लोधी (10 साल) दशहरा के मौके पर अपने मामा के गांव भरतपुर गए हुए थे। लगभग सुबह 11 बजे दोनों बच्चे गांव के अन्य बच्चों के साथ बाराती तालाब में नहाने गए। अचानक गहरे पानी में जाने के कारण दोनों बच्चे डूब गए।
तालाब में डूबने की जानकारी बच्चों ने आसपास के लोगों को दी। इसके बाद ग्रामीण एकत्र हुए और तालाब में बच्चों की खोजबीन की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रीठी ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी लगते ही बरेहटा और भरतपुर गांव में गहरा शोक फैल गया। ग्रामीण और परिजन हृदय विदारक हादसे से उबर नहीं पा रहे हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मृतकों के परिजनों से बयान लेने के साथ ही जांच जारी है।
Next Story