मध्य प्रदेश

Indore: बस में महिला शूटर से छेड़छाड़, ड्राइवर-हेल्पर फरार

Sarita
19 Nov 2025 10:20 AM IST
Indore: बस में महिला शूटर से छेड़छाड़, ड्राइवर-हेल्पर  फरार
x
Indore इंदौर : इंदौर में एक निजी ट्रैवल्स की बस में महिला शूटर के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब 30 वर्षीय युवती भोपाल से वर्मा ट्रेवल्स की बस में सवार होकर पुणे जा रही थी। रास्ते में नशे की हालत में हेल्पर ने सीट का बहाना बनाकर युवती को गलत तरीके से छुआ। आपत्ति जताने पर वह वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद फिर आने-जाने के बहाने कई बार छेड़छाड़ की कोशिश की।
युवती जैसे ही राजेंद्रनगर थाना क्षेत्र के पास पहुंची, उसने बस रुकवाकर पुलिस को सूचना देने की बात कही। इसी दौरान थोड़ी ही दूरी पर पुलिस की चेकिंग देख चालक और हेल्पर घबरा गए और बस को सड़क किनारे खड़ी कर फरार हो गए। इसके बाद बस में सवार यात्री ठंड में घंटों सड़क पर खड़े रहे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बस मालिक से संपर्क किया और दूसरे चालक व हेल्पर को बुलवाया, जिसके बाद बस को आगे रवाना किया गया।
राजेंद्रनगर थाना पुलिस ने बताया कि युवती ने लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामला दर्ज नहीं हुआ है, क्योंकि पीड़िता ने कानूनी सलाह लेने की बात लिखी है। पुलिस ट्रेवल्स संचालक से आरोपी चालक और हेल्पर की पूरी जानकारी जुटा रही है।घटना के बाद यात्रियों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा। बस के रुक जाने और चालक-हेल्पर के भाग जाने से यात्रियों को कई घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, दूसरे चालक के आने तक यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
गौरतलब है कि इसी थाना क्षेत्र में पिछले सप्ताह मुंबई-इंदौर बस में भी एक युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था, जिसमें आरोपी यात्री के साथ चालक और हेल्पर को भी जिम्मेदार ठहराया गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने बस यात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
Next Story