- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- धार में भीषण सड़क...
धार में भीषण सड़क हादसा: पिकअप वैन और SUV की टक्कर में 12 मजदूरों की मौत, 20 घायल

Madhya Pradesh मध्य प्रदेश : मध्य प्रदेश के धार जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 12 मजदूरों की मौत हो गई और करीब 20 लोग घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई और सामने से आ रही एक SUV से टकरा गई।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह घटना रात लगभग 8:30 से 9 बजे के बीच इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर चिकलिया क्रॉसिंग (चिकलिया फाटा) के पास हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 35 मजदूर धार जिले के बग्गड़ क्षेत्र से पिकअप वैन में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वैन पलट गई और उसी समय दूसरी ओर से आ रही SUV से जोरदार टक्कर हो गई।
धार जिले के प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी ने बताया कि इस हादसे में 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 20 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही तिरला पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के धार में हुए इस सड़क हादसे से उन्हें अत्यंत पीड़ा हुई है। पीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे बेहद दुखद घटना बताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी घायलों का मुफ्त इलाज कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम ने इंदौर संभागायुक्त और पुलिस महानिरीक्षक को निर्देश दिए हैं कि वे घायलों के इलाज की निगरानी के लिए तुरंत धार पहुंचें। वहीं, राज्य के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर दिया है और प्रशासन ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।





