मध्य प्रदेश

Anuppur: ट्रांसफॉर्मर से लगी आग ने तीन परिवारों को उजाड़ा

Admindelhi1
30 April 2026 10:54 AM IST
Anuppur: ट्रांसफॉर्मर से लगी आग ने तीन परिवारों को उजाड़ा
x

अनूपपुर: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी विकाश खंड के ग्राम कोडा में बुधवार दोपहर बिजली ट्रांसफॉर्मर से निकली चिंगारी से तीन घर जलकर खाक हो गए। इस अग्निकांड में तीन मवेशियों की भी मौत हो गई, जबकि मवेशियों को बचाने के प्रयास में 51 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर के समय घर के सभी सदस्य खेती के काम से बाहर थे। घर से लगभग 20 मीटर दूर लगे ट्रांसफॉर्मर से अचानक चिंगारी निकली, जो एक कच्चे घर की छत पर लगी मोटी पल्ली पर गिरी। गर्मी के कारण चिंगारी तेजी से आग में बदल गई। आग देखकर महिला दीनवती यादव मवेशियों को बचाने के लिए गौशाला की ओर भागीं। जहां लगभग 8-10 मवेशी बंधे थे। दीनवती ने कुछ मवेशियों की रस्सियां खोल दीं, जिससे वे भागने में सफल रहे। जबकि एक भैंस, एक गाय और एक बछड़ा आग की चपेट में आ गए और जलकर मर गए। मवेशियों को बचाने के दौरान दीनवती के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए। आग इतनी भीषण थी कि जब तक ग्रामीण पानी का इंतजाम कर आग बुझाने और फायर ब्रिगेड को बुलाने का प्रयास करते, तब तक आग ने आसपास के तीन घरों को अपनी चपेट में ले लिया। दीनवती यादव के घर का सारा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। इसके अलावा, मुन्नी लाल यादव और भाई यादव के घर भी पूरी तरह जल गए।

आगजनी की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। नगर परिषद जैतहरी से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। फिलहाल, राजस्व विभाग मौके पर हुए नुकसान का आकलन कर रहें है।

Next Story