मध्य प्रदेश

हिमाचल मंदिर चढ़ावा विवाद, ऑडिट में सामने आई अनियमितता

Saba Naaz
14 July 2026 4:52 PM IST
हिमाचल मंदिर चढ़ावा विवाद, ऑडिट में सामने आई अनियमितता
x

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर में चढ़ावे और मूल्यवान वस्तुओं के रखरखाव को लेकर बड़ी अनियमितता सामने आई है। मंदिर न्यास की 31 दिसंबर 2024 तक की ऑडिट रिपोर्ट में सोना-चांदी स्टॉक रजिस्टर और अन्य मूल्यवान संपत्तियों के रिकॉर्ड में कई खामियां पाई गई हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि दान में मिली चांदी की मात्रा और स्टॉक रजिस्टर में दर्ज चांदी के बीच बड़ा अंतर मिला है।

ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार, मंदिर को 110 ग्राम चांदी दान के रूप में प्राप्त हुई थी, लेकिन स्टॉक रजिस्टर में केवल 11.099 ग्राम चांदी ही दर्ज की गई। जांच में 98.901 ग्राम चांदी कम दर्ज पाई गई। इसके अलावा चांदी के स्टॉक के कुल योग में भी 500 मिलीग्राम की गणना संबंधी त्रुटि सामने आई है।

ऑडिट टीम ने इस मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा है। साथ ही जिम्मेदारी तय करने और चांदी की कमी की भरपाई के लिए बाजार मूल्य के अनुसार वसूली करने की सिफारिश की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मंदिर की संपत्तियों के रिकॉर्ड में पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है, इसलिए इस तरह की लापरवाही की जांच आवश्यक है।

ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक, 31 दिसंबर 2024 तक पंजाब नेशनल बैंक, मैहरे के लॉकर में मंदिर के मूल्यवान सामान सुरक्षित रखे गए थे। इनमें एक हीरा नग, 70.600 ग्राम गिल्ट का मुकुट, जिसमें मनके और नग जड़े हुए हैं, तथा 145 ग्राम कांच के मनके शामिल हैं। इसके अलावा मंदिर संग्रहालय के स्टॉक रजिस्टर में चांदी, गिल्ट और अन्य धातुओं से बनी 230 मूल्यवान वस्तुओं का रिकॉर्ड भी दर्ज है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि 10 दिसंबर 2021 को राकेश जैन द्वारा मंदिर न्यास को 110 ग्राम चांदी दान की गई थी। हालांकि, इस दान की पूरी मात्रा स्टॉक रजिस्टर में दर्ज नहीं की गई। ऑडिट के दौरान जब इस संबंध में जानकारी मांगी गई तो संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया।

जानकारी के अनुसार, ऑडिट टीम ने 21 जनवरी 2026 को अंकेक्षण अधियाचना संख्या-39 के माध्यम से मंदिर अधिकारी से जवाब मांगा था, लेकिन ऑडिट प्रक्रिया पूरी होने तक कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ। इसके बाद रिपोर्ट में इस मामले को अनियमितता के रूप में दर्ज किया गया।

बाबा बालक नाथ मंदिर हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के दियोटसिद्ध में स्थित एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और चढ़ावा अर्पित करते हैं। ऐसे में मंदिर की संपत्तियों और दान सामग्री के रिकॉर्ड को लेकर सामने आई यह गड़बड़ी कई सवाल खड़े कर रही है।

फिलहाल ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा गया है। आगे की कार्रवाई स्पष्टीकरण और जांच के आधार पर तय की जाएगी। मंदिर प्रशासन की ओर से इस मामले में पारदर्शिता बनाए रखने और रिकॉर्ड को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की उम्मीद है।

Next Story