मध्य प्रदेश

बिहार में 72 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

Saba Naaz
28 Jun 2026 4:59 PM IST
बिहार में 72 घंटे भारी बारिश का अलर्ट
x

बिहार: अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में 29 जून से 1 जुलाई तक भारी बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात का दौर जारी रहेगा। कुछ जिलों में जहां भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रहेगी, वहीं कई इलाकों में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

28 जून को बक्सर, रोहतास और औरंगाबाद जिलों में भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, पटना, गया, नालंदा, नवादा, बेगूसराय, भागलपुर समेत कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

29 जून को मौसम और ज्यादा खराब होने की संभावना है। सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा और समस्तीपुर में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तूफानी हवाओं का खतरा बना रहेगा। वहीं पटना, गया, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास समेत अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

30 जून को कोसी और सीमांचल क्षेत्र में मौसम की स्थिति और गंभीर हो सकती है। सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा और कटिहार में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान वज्रपात और तेज हवाओं से नुकसान की संभावना जताई गई है। राज्य के अन्य हिस्सों में येलो अलर्ट के तहत हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।

1 जुलाई को भी बिहार के कई जिलों में मौसम खराब रहेगा। बक्सर, भोजपुर, पटना, गया, नालंदा, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद समेत कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अन्य जिलों में येलो अलर्ट के तहत बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम प्रभावित रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और खुले स्थानों पर जाने से बचें। वज्रपात के समय पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में बिहार में मौसम का यह बदला रूप राहत के साथ-साथ कई चुनौतियां भी लेकर आ सकता है।

Next Story