मध्य प्रदेश

Gwalior :ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से तीन मजदूरों की मौत, एक घायल

Sarita
22 Nov 2025 7:06 AM IST
Gwalior  :ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से तीन मजदूरों की मौत, एक घायल
x
Gwalior ग्वालियर : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में तीन लोगों को मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा ग्वालियर-झांसी नेशनल हाइवे 44 के बिलौआ थाना क्षेत्र स्थित जोरासी घाटी के पास हुआ है। हादसा होते ही मौके पर चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी मृतक और घायल पश्चिम बंगाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह यहां टावर निर्माण का काम करते हैं। हादसे के बाद हाइवे पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम को हटाया।दरअसल, जोरसी के पास हुए सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल पांच लोग सवार थे।
बताया जा रहा है कि यह लोग सिकरौदा चौराहे के पास टावर लगाने के लिए जा रहे थे। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि वाहन चालक ट्रैक्टर को तेज रफ्तार में लहराते हुए चला रहा था। लापरवाही से ड्राइविंग के कारण चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रॉली घाटी के ढलान पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर के नीचे दबकर तीन मजदूरों अलकश शेख, मुस्तगिन आलम और दुरेश सरकार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मजदूरों को तड़पता छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बिलौआ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को तुरंत ग्वालियर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्राली हटाई और यातायात को धीरे-धीरे बहाल कराया। फिलहाल मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Next Story