मध्य प्रदेश

खेती की जमीन के नाम पर करोड़ों की ठगी, पुलिस ने आरोपी बिल्डर को किया गिरफ्तार

Saba Naaz
23 Jun 2025 1:17 PM IST
खेती की जमीन के नाम पर करोड़ों की ठगी, पुलिस ने आरोपी बिल्डर को किया गिरफ्तार
x
Jabalpur जबलपुर : जबलपुर जिले के फार्मलैंड के नाम पर एक बिल्डर द्वारा लोगों से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी बिल्डर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
अभी तक 25 लोगों ने फार्मलैंड के नाम पर ठगी की शिकायत दर्ज करवाई है। बरगी पुलिस के अनुसार, संजीवनी नगर स्थित सतपुड़ा एवेन्यू निवासी नीरज ललित प्रताप सिंह, जो मूलतः रीवा जिले का निवासी है, बिल्डर का कार्य करता है। उसने ग्राम जोगीढाना और हर्रई में फार्मलैंड बताकर लोगों को निवेश के लिए आमंत्रित किया था। इसके लिए उसने ब्रोशर और पंपलेट भी छपवाए थे। बिल्डर की ओर से ग्राहकों को यह प्रलोभन दिया गया था कि निवेश करने पर उनकी रकम शीघ्र ही दोगुनी हो जाएगी।
बिल्डर के झांसे में आकर 25 से अधिक लोगों ने डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की राशि निवेश कर दी। लेकिन राशि लेने के बावजूद बिल्डर ने कई निवेशकों के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री नहीं करवाई। कुछ लोगों के नाम पर किसी अन्य व्यक्ति की रजिस्ट्री कर दी गई, जिसके कारण राजस्व रिकॉर्ड में उनके नाम नहीं आ रहे हैं। इसके अलावा, बिल्डर ने शासकीय भूमि पर भी अतिक्रमण कर उसे खुर्द-बुर्द कर दिया। निवेशकों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बिल्डर के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। पुलिस को आशंका है कि बिल्डर ने और भी लोगों के साथ इसी तरह की ठगी की है, जिसकी जांच जारी है।
Next Story