मध्य प्रदेश

Dewas: स्वागत कार्यक्रम के दौरान टूटा मंच, कई कांग्रेसी नेताओं को आई हल्की चोट

Sarita
25 Dec 2025 9:22 AM IST
Dewas: स्वागत कार्यक्रम के दौरान टूटा मंच,  कई कांग्रेसी नेताओं को आई हल्की चोट
x
Dewas: देवास में युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष यश घनघोरिया के स्वागत के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्वागत के लिए लगाया गया मंच अचानक भीड़ का भार नहीं झेल सका और टूट गया, जिससे मंच पर मौजूद कई कांग्रेसी नेता नीचे गिर पड़े। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि कुछ नेताओं को हाथ-पैर में हल्की चोटें लगी हैं।युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के देवास आगमन पर शहर में अलग-अलग स्थानों पर स्वागत मंच लगाए गए थे। इसी क्रम में एबी रोड पर चर्च के पास जिला उपाध्यक्ष द्वारा एक मंच लगाया गया था। जैसे ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मंच पर चढ़े, अचानक मंच भरभराकर गिर पड़ा।
हादसे के समय मंच पर पूर्व शहर अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंच पर लोगों की संख्या अधिक हो जाने के कारण यह दुर्घटना हुई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला।
इस घटना के बावजूद युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का कार्यक्रम आगे जारी रहा। उन्होंने होटल में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर पंचायत चलो अभियान को लेकर चर्चा की और स्पष्ट किया कि यह दौरा शक्ति प्रदर्शन के लिए नहीं, बल्कि पंचायत स्तर तक लोगों से संवाद और उनकी समस्याओं को जानने के उद्देश्य से है।कार्यक्रम के दौरान लोगों ने बिजली बिल, मतदाता सूची से नाम कटने और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी। अभियान के तहत आने वाले दिनों में युवा कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा पंचायतों में जाकर लोगों से संवाद करने की योजना बताई गई।
Next Story