मध्य प्रदेश

बेटियों ने फिर जीता मैदान, हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा-2025 में 74.24 प्रतिशत रहा जिले का परीक्षा परिणाम

Gulabi Jagat
7 May 2025 12:06 AM IST
बेटियों ने फिर जीता मैदान, हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा-2025 में 74.24 प्रतिशत रहा जिले का परीक्षा परिणाम
x
Raisen. माध्यमिक शिक्षा मण्डल बोर्ड भोपाल मप्र द्वारा 6 मई को हायर सेकेण्डरी बोर्ड बारहवीं परीक्षा वर्ष 2025 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। रायसेन जिले का वर्ष 2024-25 का हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा परिणाम 74.24 प्रतिशत रहा है। जबकि गत वर्ष 2023-24 में हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा परिणाम 58.14 प्रतिशत था। इस प्रकार वर्ष 2024-25 में हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा परिणाम में 16.1 प्रतिशत वृद्धि हुई है। जिले में हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा परिणाम में वृद्धि के कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा और जिला पंचायत सीईओ अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में सतत् मॉनीटरिंग की गई। विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। साथ ही समय-समय पर जिला स्तरीय एवं विकासखण्ड स्तरीय आकादमिक समीक्षा बैठकें की गई।जिला स्तरीय अकादमिक प्रशिक्षण दिया गया।, छात्रों को नियमित विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसी प्रकार बिना सूचना के अनुपस्थित रहने एवं विलम्ब से आने वाले शिक्षकों को समय पर आने के लिए प्रेरित किया गया और निदानात्मक कक्षाओं का संचालन भी किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मण्डल बोर्ड भोपाल मप्र द्वारा संचालित हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा वर्ष 2025 में जिले से नियमित छात्र के रूप में कुल 10294 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। जिनमें 4698 छात्र 5596 छात्राएं हैं। इसी प्रकार 2141 स्वाध्यायी परीक्षार्थी हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित हुए ।जिनमें 1212 बालक तथा 929 बालिकाएं परीक्षार्थी शामिल हैं। जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक ने जानकारी दी कि जिले में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की कुल संख्या 7642 है ।जिनमें 3348 बालक एवं 4294 बालिकाए हैं। इस प्रकार जिले के नियमित परीक्षार्थियों का कुल प्रतिशत 74.24 प्रतिशत रहा। जिनमें बालकों का 71.2 प्रतिशत एवं बालिकाओं का 76.73 प्रतिशत है। जिले में स्वाध्यायी छात्रों का परीक्षा परिणाम 20.5 प्रतिशत है। जिले में परीक्षा में सम्मिलित कुल 10294 परीक्षार्थी में से 5299 परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं,। 2325 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं और 18 परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए है।
प्रदेश की मेरिट सूची में कु. डॉली ने प्राप्त किया दसवां स्थान....
माध्यमिक शिक्षा मण्डल बोर्ड भोपाल मप्र द्वारा मंगलवार को हायर सेकेण्डरी स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा परिणाम-2025 घोषित किया गया। रायसेन जिले के शासकीय बालक उ.मा.वि. बेगमगंज की छात्रा कु. डॉली आत्मजा बालकिशन गौड ने 477 अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में जीवविज्ञान समूह में सातवां स्थान प्राप्त किया है।
रायसेन जिले की मेरिट सूची.....
राज्य स्तरीय मेरिट में स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को छोड़कर शेष छात्र-छात्राओं में से जिले की मेरिट सूची में कला समूह में कु. वंशिका वोहरे आत्मजा लक्ष्मी नारायण वोहरे शासकीय बालक उमावि बरेली ने 473 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान और कु. रजनी मीना आत्मजा रनधीर सिंह मीना शासकीय कन्या उमावि मण्डीदीप ने 459 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
इसी प्रकार विज्ञान समूह में कु. निशू धाकड़ आत्मजा पन्नालाल धाकड़ अशासकीय वात्सल्य कॉवेंट बरेली ने 481 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया।रूद्रांश पटेल आत्मज कमलेश पटेल अशासकीय आरजीएम स्कूल रायसेन ने 471 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान और सार्थक त्रिपाठी आत्मज अखिलेश त्रिपाठी अशासकीय एमडीबीएम विद्यालय उदयपुरा ने 469 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
वाणिज्य समूह में कु. निधि शिंदे आत्मजा श्री मंगल शिंदे अशासकीय गोल्डन कैरी पब्लिक स्कूल मण्डीदीप ने 480 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान, कु. समीक्षा दुबे आत्मजा शांतिलाल दुबे अशासकीय वात्सल्य कॉवेंट स्कूल बरेली ने 466 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान, कृष्णा शर्मा आत्मज संदीप शर्मा अशासकीय सम्पल आरके एजुकेशन बरेली ने 466 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान अर्जित किया।इसके अलावा बारहवीं की कु. अदिती बुनकर आत्मजा भगवान सिंह वुनकर अशासकीय न्यू सर्वोदय उदयपुरा ने भी 466 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इसी प्रकार कृषि समूह में मनीष लोधी आत्मज प्रेमनारायण लोधी शासकीय बालक उमावि बेगमगंज ने 472 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
Next Story