मध्य प्रदेश

Chhindwara: पेंच टाइगर रिजर्व के पास खुले कुएं में गिरा बाघ

Sarita
8 May 2025 9:16 AM IST
Chhindwara: पेंच टाइगर रिजर्व के पास खुले कुएं में गिरा बाघ
x
Chhindwara छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा जिले के अंतर्गत पेंच नेशनल पार्क के बफर जोन में बुधवार को एक बाघ खेत में बने खुले कुएं में गिर गया। यह घटना जमनारा गेट से करीब पांच किलोमीटर दूर थाटा और दादाझिर गांव के बीच एक खेत में हुई। कुआं बिना मुंडेर का था, जिसके कारण बाघ उसमें गिर गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और करीब सात घंटे के लंबे और जोखिम भरे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाघ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोपहर में खेत पर पहुंचे किसान ने कुएं में बाघ को फंसा देखा और तुरंत इसकी सूचना खेत मालिक को दी। खेत मालिक ने वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची।
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। ऐसे चला रेस्क्यू ऑपरेशन सूचना मिलते ही करीब एक घंटे में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। सबसे पहले बांस से बनी एक खाट को रस्सी से बांधकर कुएं में उतारा गया। उसके ऊपर पिंजरा रखा गया। हाइड्रोलिक मशीन की मदद से पिंजरे को नियंत्रित किया गया। थका हुआ बाघ जैसे ही पिंजरे में चढ़ा, उसे सावधानीपूर्वक ऊपर खींचकर बाहर निकाला गया। इस पूरे ऑपरेशन में रेस्क्यू टीम, डिप्टी डायरेक्टर रंजीत सिंह और अनुभवी कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।
जिस इलाके में यह घटना हुई, वह पेंच टाइगर रिजर्व के बफर जोन में आता है। थट्टा और दादाझिर गांव के बीच खेतों में कई ऐसे कुएं हैं, जो बिना मुंडेर वाले हैं। ऐसे खुले कुएं जानवरों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। बताया गया है कि अब घटना स्थल के आसपास बाघ के तीन ठिकानों को चिन्हित कर लिया गया है और वहां सुरक्षा के उपाय किए जा रहे हैं।
रेस्क्यू के समय बाघ काफी थक चुका था। अनुमान है कि दोपहर करीब तीन बजे वह कुएं में गिरा और शाम तक वहीं फंसा रहा। फिलहाल उसे निगरानी में रखा गया है। इसकी जानकारी पीसीसीएफ को भेज दी गई है और मेडिकल जांच के बाद उसे वापस जंगल में छोड़ दिया जाएगा। वन विभाग की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे खेतों में मौजूद कुओं को ढकने या उनके चारों ओर दीवार बनाने के उपाय करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। प्रशासन ने असुरक्षित कुओं को चिन्हित कर उनकी मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया है।
Next Story