मध्य प्रदेश

Chhindwara:मॉल में लिफ्ट हादसा, 11 लोग घायल

Sarita
8 Aug 2025 10:44 AM IST
Chhindwara:मॉल में लिफ्ट हादसा, 11 लोग घायल
x
Chhindwara छिंदवाड़ा: शहर के लालबाग से पीजी कॉलेज रोड स्थित वी-2 (वैल्यू एंड वैरायटी) मॉल में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। तीसरी मंजिल से लिफ्ट अचानक टूटकर सीधे ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरी। इस हादसे में लिफ्ट में सवार 11 लोग घायल हो गए, जिनमें से करीब आधा दर्जन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
गुरुवार रात करीब 9 बजे तीसरी मंजिल से लिफ्ट में महिलाएं, बच्चे और अन्य लोग नीचे उतर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक लिफ्ट तेज गति से नीचे गिरने लगी और जोरदार धमाके के साथ ग्राउंड फ्लोर पर रुक गई। हादसे के बाद मॉल में अफरा-तफरी मच गई और लोग चीखते-चिल्लाते हुए बाहर भागने लगे।
घायलों में गुलाबरा निवासी शर्मिला इवानती (37), अरुण इवानती (32), वाणी इवानती (5) और बिट्टू इवानती (20), नरसिंहपुर नाका निवासी माधुरी वर्मा (30), हर्षा बरमैया (40), हर्षिता, रीता रघुवंशी (33), वेद रघुवंशी और श्रेया वर्मा शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, पाँच घायलों को एड़ी में फ्रैक्चर और लिगामेंट टूटने जैसी गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बाकी को मामूली चोटें आई हैं।हादसे के बाद चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि मॉल के कर्मचारियों को लिफ्ट के आखिरी मेंटेनेंस की तारीख तक नहीं पता थी। शुरुआती जाँच में लंबे समय से मेंटेनेंस न होने और तकनीकी खराबी की पुष्टि हुई है।
टीआई आशीष धुर्वे ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है। मॉल को फिलहाल बंद कर दिया गया है और लिफ्ट को सील कर तकनीकी जाँच शुरू कर दी गई है। लापरवाह संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय निवासियों ने दुर्घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि शहर के सभी मॉल और व्यावसायिक भवनों में लगे लिफ्टों और एस्केलेटरों की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
Next Story