मध्य प्रदेश

Chhindwara : बारातियों से भरी बस पलटी, मची चीख-पुकार

Sarita
23 May 2025 1:00 PM IST
Chhindwara : बारातियों से भरी बस पलटी, मची चीख-पुकार
x
Chhindwara छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा तहसील के बसुरिया गांव में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हो गए। हादसा इतना भयानक था कि बस चकनाचूर हो गई, सीटें उखड़ गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार बस (क्रमांक एमपी49पी0264) तिनसरा (थाना करेली, जिला नरसिंहपुर) के बारातियों को लेकर बांकी उमरिया गांव लौट रही थी। सुबह करीब साढ़े सात बजे बसुरिया गांव के पास एक मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस खेत में दो बार पलट गई। बस में सवार महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग अंदर ही फंसे रह गए।
हादसे में 60 वर्षीय गिरन सिंह ठाकुर और उनके बेटे 27 वर्षीय राहुल ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों तिनसरा गांव के रहने वाले थे। जैसे ही उनकी मौत की खबर गांव में पहुंची तो पूरा तिनसरा गम में डूब गया। घरों में चूल्हे नहीं जले और पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया। हादसे में 26 लोग घायल हो गए, जिनमें से कई बस के नीचे दब गए, जबकि कुछ लोग दूर खेत में गिरे। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बस के कांच तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला।
घायलों को निजी वाहन और एंबुलेंस की मदद से हर्रई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में 3 महिलाएं, 3 बच्चे और 23 पुरुष शामिल हैं। पास ही खेत में काम कर रहे रामदास पटेल ने बताया कि हम खेत में थे तभी तेज आवाज आई। देखा तो बस पलटी हुई थी। लोग चीख रहे थे। हम दौड़कर मौके पर पहुंचे तो कई लोग खून से लथपथ थे। कुछ बच्चे बस के नीचे दबे थे। सूचना मिलते ही अमरवाड़ा थाना पुलिस, हर्रई एसडीएम और एसडीओपी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया और बस को जेसीबी से हटाया गया।
एसपी अजय पांडे ने बताया, "हादसे में दो लोगों की मौत और 29 के घायल होने की पुष्टि हुई है। पुलिस जांच कर रही है कि बस कैसे पलटी। ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर कहा जा रहा है कि तेज रफ्तार और मोड़ पर संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह हो सकती है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने ब्रेक फेल होने की भी संभावना जताई है।"
Next Story