मध्य प्रदेश

Bhopal :अस्पताल परिसर में कचरे में मिले दो नवजातों के अधजले शव, मचा हड़कंप

Sarita
12 Dec 2025 6:41 AM IST
Bhopal :अस्पताल परिसर में कचरे में मिले दो नवजातों के अधजले शव, मचा हड़कंप
x
Bhopal : राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल परिसर में मॉर्चुरी के पास स्थित पुरानी पानी की टंकी से दो नवजात बच्चों के शव कचरे के ढेर में अधजली अवस्था में मिले हैं। कचरे के ढेर में अधजले शवों के मिलने के बाद हड़कंप मच गया। इस मामले का खुलासा होने के बाद हमीदिया अस्पताल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है, वहीं पुलिस ने भी अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है।
अभी तक यह खुलासा नहीं हो सका है कि नवजातों के शवों को मौत के बाद कचरे के ढेर में फेंका गया था, या किसी महिला-युवती ने अपने अवैध संबंधों को छिपाने के लिए नवजातों को जन्म देने के बाद कचरे के ढेर में फेंका था। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार पुरानी पानी की टंकी के पास अस्पताल का कुछ मेडिकल वेस्ट और अन्य कचरा फेंका जा रहा था। कचरे के ढेर में अचानक आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल को बुलाया गया था। आग बुझाने के बाद जब टंकी की जांच की गई तो उसमें दो नवजात बच्चों के अधजले शव मिले। शवों पर प्लास्टिक और पन्नी चिपकी हुई थी। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन और फयर ब्रिगेड द्वारा पुलिस को सूचना दी गई थी।
गुरुवार को हमीदिया अस्पताल के पांच डॉक्टरों की टीम ने दोनों नवजात शवों का पोस्टमार्टम किया है। पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी कराई गई है। मामले को लेकर मॉर्चुरी रूम में पदस्थ कर्मचारियों और डॉक्टर से भी इस संबंध में जानकारी मांगी गई है। आग लगने के बाद हमीदिया अस्पताल की बड़ी लापरवाही सामने आई है। कचरे से अस्पताल में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक बेडशीट भी बरामद हुई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि बच्चों को बेडशीट में लपेटकर टंकी में फेंका गया होगा। इतना ही नहीं कुछ मेडिकल वेस्ट भी वहां मिला है। पुलिस ने डीएनए सैंपल भी कलेक्टर करा लिए हैं।
Next Story