मध्य प्रदेश

Bhopal: नगर निगम गोशाला में मृत मिलीं 6 गायें

Sarita
11 Jan 2026 9:35 AM IST
Bhopal: नगर निगम गोशाला में मृत मिलीं 6 गायें
x
Bhopalभोपाल : झीलों की नगरी भोपाल से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरी मानवता और आस्था को शर्मसार कर दिया है। नगर निगम की अरवलिया स्थित गोशाला में शुक्रवार की आधी रात जो मंजर दिखा, उसने लोगों की रूह कंपा दी। यहां एक-दो नहीं, बल्कि 6 गोवंश मृत अवस्था में पाए गए। आरोप है कि ये बेजुबान भूख के कारण गोबर मिक्स चारा खाने को मजबूर थे। इस घटना ने न केवल हिंदूवादी संगठनों को सड़क पर उतार दिया है, बल्कि स्लॉटर हाउस कांड के साथ जुड़कर इसे एक भयानक रूप दे दिया है।
बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों को जब गोशाला में लापरवाही की सूचना मिली, तो वे आधी रात को वहां पहुंचे। गोशाला के गेट पर ताला लटका था, लेकिन जब पुलिस की मौजूदगी में ताला तुड़वाया गया, तो अंदर का दृश्य भयावह था। 6 गायें मर चुकी थीं और 4 तड़प रही थीं। आरोप है कि निगम कर्मियों ने गोशाला के अंदर ही एक बड़ा गड्ढा खोद रखा था ताकि इन मृत गायों को चुपचाप दफनाकर सबूत मिटाए जा सकें। इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब पिछले दिनों पकड़ी गई स्लॉटर हाउस की गाड़ी में गोमांस होने की पुष्टि हुई।
नगर निगम के एडीसी ने देर रात मौके पर पहुंचकर दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन तो दिया है, लेकिन हिंदूवादी संगठन अब आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद कई बड़े अफसरों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
Next Story